
नई दिल्ली/भोपाल एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार को आंधी-बारिश के कारण अलग-अलग जगहों पर दो मकान ढह गए। एक महिला और उसकी 9 माह की बच्ची की मलबे में दबकर मौत हो गई। करीब 10 लोग घायल हुए। लखनऊ में शनिवार सुबह 3 बजे तूफान आया। इससे सैकड़ों पेड़ गिर गए। इसके बाद कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। साथ ही रास्ते भी बंद हो गए। मौसम विभाग ने शनिवार को राजस्थान-मध्य प्रदेश में तेज लू (हीटवेव) की आशंका जताई है। महाराष्ट्र में भी तेज गर्मी रहेगी। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, नॉर्थ ईस्ट समेत 14 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी है। बारिश के साथ यहां तेज आंधी और बिजली का भी अलर्ट है। राजस्थान और गुजरात से आई गर्म हवाओं के असर से पूरा मध्य प्रदेश तप रहा है। सीजन में पहली बार शुक्रवार को दिन का पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। खजुराहो, गुना और नौगांव सबसे ज्यादा गर्म रहे। यहां पारा 44 डिग्री पार हो गया। शनिवार को पारा 42.5 डिग्री के और रविवार को 43.1 डिग्री के तक पहुंचने के आसार हैं। 5 जिलों में लू चलेगी। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा है। इस प्राकृतिक आपदा के चलते कई परिवार बेघर हो गए हैं। इधर, हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से मौसम खराब है। तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। शनिवार को भी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट था। लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है। ह बरेली में देर रात तक हुई बारिश : बरेली में शुक्रवार रात को बादल घिरने के बाद तेज आंधी का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। अचानक आए इस बदलाव की वजह से लोगों को दिक्कत का सामना भी करना पड़ा। शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बिजली निगम के मुताबिक, बरेली के किला, डेलापीर, कोहड़ापीर, राजेंद्र नगर, कुतुबखाना, मढ़ीनाथ, हरूनगला, जगत पुर, मिशन उपकेंद्र ठप हो गए।