मवाना संवाददाता। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मार्गदर्शन में पतंजलि योग समिति मवाना द्वारा आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर के दूसरे दिन श्री बड़ा महादेव शिव मंदिर प्रांगण में योग साधना का वातावरण मंत्रोच्चारण और प्राणायाम की लय से गुंजायमान रहा। यह शिविर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष में 17 जून से 21 जून तक चल रहा है। आज के कार्यक्रम का शुभारंभ मवाना के योग शिक्षक सुभाष धीमान ने गायत्री मंत्र व महामृत्युंजय मंत्र के उच्चारण तथा सूक्ष्म क्रियाओं के अभ्यास के साथ किया। उन्होंने बताया कि मंत्र और सूक्ष्म योग क्रियाएं मानसिक शांति के साथ शरीर की ऊर्जा को जाग्रत करती हैं। योग शिक्षक संजय धीमान ने सूर्यनमस्कार का अभ्यास कराते हुए बताया कि यह एक संपूर्ण योग अभ्यास है जिसमें 12 आसनों का समावेश होता है। यह शरीर को लचीला बनाकर स्वस्थ रखता है। इसके बाद योग शिक्षक यज्ञदेव धीमान ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, गर्दन चालान क्रिया, कटिचक्रासन सहित अन्य सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि ताड़ासन बच्चों की लंबाई बढ़ाने में लाभकारी होता है, जबकि त्रिकोणासन से मेरुदंड में लचीलापन आता है और यह फेफड़ों की कार्य क्षमता को भी बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि नियमित प्राणायाम करने से नजला, जुकाम, खांसी, दमा आदि रोगों से बचा जा सकता है। योग शिविर के दूसरे दिन नगर के गणमान्य नागरिक, महिलाएं व बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर भारत विकास परिषद संस्कार शाखा की रीटा धीमान, विराट शाखा के अध्यक्ष मनोज रस्तोगी, कविता कटारिया, जविंदर, विकास कुमार, राजकुमार, मनीष रस्तोगी, धनेंद्र, जयकरण, अरविंद सैनी, विचितानंद आदि उपस्थित रहे। शिविर में तीसरे दिन भी विभिन्न योग क्रियाएं और प्राणायाम सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
