दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के आनंद विहार स्टेशन पर एनसीआरटीसी यात्री सुविधाओं का विस्तार करने जा रहा है। योजना के तहत स्टेशन के भीतर 30 पॉड्स वाला आधुनिक पॉड होटल, फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। करीब 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में होने वाला यह विकास आनंद विहार को एक सुविधाजनक और आधुनिक मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में मजबूत करेगा, जिससे यात्रियों को आराम और समय दोनों की बचत होगी।
HIGHLIGHTS
- आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर पॉड होटल और फाइन डाइनिंग की तैयारी
- 30 पॉड्स क्षमता वाला आधुनिक पॉड होटल बनाया जाएगा
- यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही आराम की सुविधा मिलेगी
- 4,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में व्यावसायिक विकास प्रस्तावित
- फूड रिटेल, ऑफिस स्पेस और शोरूम जैसी सुविधाएं भी होंगी
- आनंद विहार मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब पर यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी
पूर्वी दिल्ली। दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के तहत एनसीआरटीसी आनंद विहार स्टेशन को एक आधुनिक और सुविधाजनक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में पॉड होटल, फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट और कई व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, आनंद विहार नमो भारत स्टेशन के भीतर करीब 30 पॉड्स की क्षमता वाला अत्याधुनिक पॉड होटल प्रस्तावित है। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए खास तौर पर उपयोगी होगी, जिन्हें आगे की यात्रा से पहले कुछ समय आराम की आवश्यकता होती है। मेरठ से दिल्ली पहुंचने वाले या लंबी दूरी की ट्रेन और बस पकड़ने वाले यात्रियों को अब स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस परियोजना के अंतर्गत 4,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र को प्रॉपर्टी डेवलपमेंट के लिए चिह्नित किया गया है। यह क्षेत्र स्टेशन के विभिन्न स्तरों पर चार अलग-अलग हिस्सों में विकसित होगा, जिससे यात्रियों की आवाजाही के साथ सुविधाओं का बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। पॉड होटल के साथ-साथ यहां एक प्रीमियम फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट, फूड रिटेल आउटलेट, ऑफिस स्पेस, परिधान शोरूम और अन्य व्यावसायिक इकाइयां भी प्रस्तावित हैं।
एनसीआरटीसी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पॉड होटल के किराए को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। निर्माण और संचालन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुल्क तय किया जाएगा। आनंद विहार स्टेशन एनसीआर का प्रमुख मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब है, जहां दिल्ली मेट्रो की ब्लू और पिंक लाइन, आनंद विहार रेलवे स्टेशन और दो अंतरराज्यीय बस टर्मिनल सीधे जुड़े हुए हैं। यात्रियों की भारी आवाजाही और सीमित स्थान को देखते हुए छोटे लेकिन सुविधाजनक पॉड कमरों की अवधारणा को अपनाया गया है।
इस पहल से न सिर्फ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि आनंद विहार स्टेशन एक आधुनिक ट्रांजिट-कमर्शियल हब के रूप में भी नई पहचान बनाएगा।
