मवाना संवाददाता। गांव सठला की विद्युत समस्याओं को लेकर आज गांव के लोगों ने साजिद प्रधान के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मवाना से मुलाकात की और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कुरैशियों के मोहल्ले में लगे 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर को बदलवाने, मदरसे के पास की जर्जर लाइन को ठीक कराने तथा जहां आवश्यकता है वहां नए खंभे और तार लगवाने की मांग की गई। साजिद प्रधान ने ग्रामीणों की ओर से समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा और जल्द समाधान की अपील की। अधिशासी अभियंता ने मौके पर ही संबंधित अवर अभियंता (जेई) को फोन कर गांव में जहां-जहां बिजली संबंधी दिक्कतें हैं, वहां तुरंत कार्यवाही कर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल्द ही गांव की विद्युत व्यवस्था को सुचारु करने का आश्वासन भी दिया। ग्रामीणों ने प्रशासनिक तत्परता के लिए अधिशासी अभियंता का आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही बिजली की समस्या से उन्हें राहत मिलेगी।
