मवाना संवाददाता। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मवाना के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को एसपी देहात राकेश मिश्रा से मुलाकात कर मवाना नगर की प्रमुख समस्याओं को लेकर दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे और शीघ्र समाधान की मांग की। व्यापार मंडल के संरक्षक शैवाल दुबलिश, अध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह, कोषाध्यक्ष गौरव रस्तोगी समेत अन्य सदस्यों ने एसपी देहात को अवगत कराया कि 24 मई 2025 को आयोजित थाना दिवस पर नगर के मुख्य मार्गों और चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु थाना प्रभारी को पत्र दिया गया था। हालांकि केवल एक दिन कार्रवाई हुई और फिर मामला ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद 18 जून को व्यापारियों ने एसपी देहात से उनके कार्यालय में मुलाकात कर हाईवे से टोल बचाने के लिए नगर से गुजरने वाले भारी वाहनों को रोकने की मांग की थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन भी मिला था, लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। व्यापारियों ने यह भी चिंता जताई कि नगर में चौक-चौराहों पर न तो सिपाही तैनात हैं और न ही पुलिस द्वारा कोई ट्रैफिक योजना बनाई गई है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि ठेलेवालों के अतिक्रमण के चलते बाजार संकरे हो गए हैं और एक घटना में ठेला हटाने पर व्यापारी के साथ मारपीट भी हो चुकी है, लेकिन फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। व्यापार मंडल ने नगर पालिका द्वारा पूर्व में चिन्हित किए गए 9 वेडिंग जोन को सक्रिय कर ठेलेवालों को वहीं खड़ा करने की मांग की और नगर से गुजरने वाले भारी वाहनों को रोकने की पूर्व व्यवस्था पुनः लागू करने की मांग की। इस पर एसपी देहात ने मौके पर ही मेरठ रोड चौकी व सुभाष बाजार चौकी प्रभारी को बुलाकर तत्काल बैरियर लगाने और व्यवस्था पुनः शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मवाना के अध्यक्ष मांगेराम मित्तल के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा को लेकर भी ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि बड़ा महादेव मंदिर से लेकर पावन धाम कॉलोनी तक दोनों ओर की सड़कों की हालत अत्यंत खराब है। जल निगम द्वारा डाली गई पाइपलाइन के बाद सड़क की मरम्मत नहीं की गई, जिससे शिवभक्त कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। व्यापार मंडल ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर जल लाते समय कोई कांवड़िया गिरा और उसकी कांवड़ खंडित हुई तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। नगर पालिका, जल निगम, या ठेकेदार? इस पर एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि यह मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में है और व्यापारियों द्वारा 24 जून को मेरठ में हुई व्यापार बंधु की बैठक में उठाया जा चुका है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा से पहले इस समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर महामंत्री अंकित जैन, कोषाध्यक्ष सोनू सूर्या समेत कई व्यापारी उपस्थित रहे।
