मवाना संवाददाता। नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व सुचारू बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मवाना में अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने पथ प्रकाश विभाग के कर्मचारियों के साथ साप्ताहिक विभागीय बैठक की। बैठक में नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर कई महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। अखिल कुमार कौशिक ने विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नगर की सभी गलियों और मुख्य मार्गों पर स्थापित विद्युत लाइटें सही ढंग से कार्य करें, इसके लिए वे पूरी तत्परता से कार्य करें और लापरवाही बिल्कुल न बरतें। पथ प्रकाश लिपिक द्वारा जानकारी दी गई कि नगर के 17 वार्डों में विद्युत लाइटों का सर्वे पूरा कर लिया गया है और आगामी बैठक तक शेष सभी वार्डों में यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। अध्यक्ष ने पथ प्रकाश लिपिक को सभी पोल और विद्युत लाइटों पर टाईमर बॉक्स और सेंसर लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि ऊर्जा की बचत के साथ-साथ व्यवस्थाएं और बेहतर बनाई जा सकें। अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि थाने से लेकर बड़ा महादेव मंदिर तक लगे सभी पिलर और हाईमास्क पोल की जानकारी तैयार की जाए और उसे अगली बैठक में प्रस्तुत किया जाए। साथ ही नगर में कितनी विद्युत लाइटें खराब हैं, उनका विवरण तैयार कर रजिस्टर में अंकित करने के निर्देश भी दिए गए। लाईनमैनों द्वारा विद्युत पोलों पर लगाए जा रहे सामान का ब्यौरा भी दर्ज करने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक नई लाइट लगाए जाने के बाद संबंधित वार्ड सभासद या नागरिक से सत्यापन कर उनके हस्ताक्षर रजिस्टर में दर्ज कराना भी अनिवार्य किया गया है। बैठक के माध्यम से पालिका प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि नगर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
