मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। गढ रोड स्थित मेडिकल कॉलेज मेरठ में सेरेब्रल वेनस थ्रोम्बोसिस नामक बीमारी का सफल इलाज किया गया। मरीज ज्योति उम्र 22 वर्ष की लगभग डेढ़ महीने पहले से दोनों आंखों की रोशनी चली गई थी। मरीज ने प्राइवेट चिकित्सालय में कई बार संपर्क किया एवं अपना इलाज कराया, जहां पर उन्हें बताया गया कि वे ब्रेन ट्यूमर बीमारी से ग्रसित है। इसके बाद वे काफी दिन न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती भी रही परंतु उन्हें कोई लाभ नहीं हुआ। मरीज ने मेडिकल कॉलेज मेरठ के न्यूरोलॉजी विभाग की ओ.पी.डी में डॉ दीपिका सागर से संपर्क किया । डॉ दीपिका सागर ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी एवं उनकी कुछ विशेष दिमाग की नसों की जांच व ब्रेन एंजियोग्राफी जांच की गई, तदोपरांत पाया गया कि उनके दिमाग की नसों में खून के थक्के जम गए हैं और उन्हें सेरेब्रल वेनस थ्रोम्बोसिस नाम की बीमारी है। जिसके उपचार हेतु उन्हें विशेष प्रकार की इंजेक्शन एवं दवाइयां दी गई, तत्पश्चात मरीज की आंखों की रोशनी धीरे-धीरे आनी शुरू हो गई। लगभग 3 हफ्तों में उनकी दोनों आंखों की रोशनी पूरी तरह से वापस आ गई डॉ दीपिका सागर ने बताया कि उनकी सभी जांच एवं इलाज उत्तर प्रदेश सरकार की लाभकारी योजना आयुष्मान योजना के अंतर्गत पूर्णतया निशुल्क किया गया है। डॉ सागर ने बताया कि इस बीमारी के कई कारण हो सकते हैं जिसमें मुख्य कारण डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) एवं एनीमिया (खून की कमी) है। डॉक्टर दीपिका सागर ने बताया कि यदि इस बीमारी का जल्दी पता चल जाता है तो संपूर्ण इलाज संभव होता है एवं मरीज बाद में अपना सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है। प्राचार्य डॉक्टर आरसी गुप्ता ने डॉ दीपिका सागर एवं उनकी पूरी टीम को उपरोक्त बीमारी के सफल इलाज हेतु शुभकामनाएं दी।
