मेरठ। किसान मनोहर की दुखद मृत्यु पर आज आम आदमी पार्टी मेरठ जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। अंकुश चौधरी ने राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह से पीड़ित परिवार की फोन पर बात कराई। संजय सिंह ने परिवार को न्याय दिलाने और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। आम आदमी पार्टी मेरठ विकास प्राधिकरण की मनमानी के खिलाफ मुखर होकर खड़ी है, जो हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर की अवहेलना कर किसानों की जमीन पर कब्जा कर रहा है। मृतक किसान की 80 वर्षीय मां फूट-फूटकर रो रही थी, उनका बुढ़ापे का सहारा छिन गया। मनोहर की तीन मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया, और उनकी पत्नी विधवा होकर बेबस है। परिवार पर स्कूल फीस का कर्ज है, और दो वक्त की रोटी का संकट गहरा गया है। मनोहर की छोटी-सी पुश्तैनी जमीन 35 वर्षों से अधिग्रहण के चक्रव्यूह में फंसी थी। इस जमीन पर खेती और मजदूरी के सहारे वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करेगा। मुलाकात के दौरान महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, जिला संरक्षक एस.के. शर्मा, जिला शिक्षक प्रकोष्ठ अध्यक्ष हेम कुमार, जिला सचिव सचिन वाल्मीकि मौजूद रहे।
