
मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। रमजान के पहले जुम्मे पर शुक्रवार की सुबह लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में मस्जिद में फजर की नमाज अदा करने पहुंचे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के चलते नमाजियों में हड़कंप मच गया। नमाजियों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। बताया जाता है दो साल पहले आरोपी ने युवक के भाई पर भी हमला किया था। जिसमें वह जमानत पर बाहर चल रहा है। शुक्रवार की सुबह खुशहाल कॉलोनी की मोहम्मदी मस्जिद में फजर की नमाज अदा की जा रही थी। 60 फुटा का रहने वाला 21 वर्षीय कामिल भी मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ रहा था। आरोप है कि इसी दौरान अकरम नाम का युवक चाकू लेकर पहुंचा और कामिल की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कामिल की चीख सुनकर नमाजियों में हड़कंप मच गया। उधर, हमलावर चाकू लहराते हुए मौके से फरार होने लगा। मगर कुछ नमाजियों ने हिम्मत करके कुछ दूरी पर आरोपी को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। क्षेत्रवासियों द्वारा घायल कामिल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। उधर, मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल करते हुए घायल कामिल से पूछताछ की। कामिल ने बताया कि पहले उनका परिवार तारापुरी गली नंबर नौ में रहता था। जहां उसका पिता हारून किराने की दुकान करता था। कामिल ने आरोप लगाया कि आरोपी अकरम अक्सर उनकी दुकान से उधार सामान लेकर जाता था।, जिसके पैसे नहीं देता था। इसी उधारी को लेकर उनके परिवार की अकरम से रंजिश चल रही थी। दो साल पहले अकरम ने कामिल के भाई अरहान पर भी बर्फ तोड़ने वाले सुएं से हमला किया था। इस मामले में अकरम जेल गया था और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा था। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है।