
मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। लगभग एक महीने पहले पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई विवाहिता की मौत को दहेज हत्या बताते हुए बुधवार को मृतका के परिजन एसएसपी से मिले। जहां उन्होंने मृतका के पति पर अपनी भाभी के साथ अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाया। इसी के साथ पति और अन्य ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग की। दौराला थाना क्षेत्र के रुहासा गांव का रहने वाला नेतराम ग्रामीणों के साथ बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा। नेतराम ने बताया कि उसकी बेटी लक्ष्मी की शादी वर्ष 2019 में पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर के रहने वाले राजन के साथ हुई थी। वर्तमान समय में दंपति के तीन बच्चे हैं। नेतराम का आरोप है कि शादी के बाद से ही राजन और उसके परिवार वाले दहेज के लिए लक्ष्मी का उत्पीड़न करते थे। राजन के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध थे। जिसका विरोध करने पर फरवरी के महीने में राजन और उसके परिवार वालों ने किसी भारी वस्तु से चोट मार कर लक्ष्मी को घायल कर दिया। साथ ही इस मामले को सड़क दुर्घटना दर्शाते हुए पुलिस में तहरीर दे दी। नौ फरवरी को अस्पताल में उपचार के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्होंने लक्ष्मी के पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पल्लवपुरम थाने में तहरीर दी थी। मगर पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लक्ष्मी की मौत का कारण किसी ठोस वस्तु से चोट लगना बताया गया है। मायके वालों ने आरोपी ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग की। जिस पर एसएसपी ने जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं।