
मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। मेरठ कॉलेज के विधि विभाग के विशालकाय मूट कोर्ट हाल में कॉलेज का वार्षिक खेलकूद पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय कैबिनेट मंत्री, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश सरकार रहे। इस कार्यक्रम में न केवल वर्ष भर की खेलकूदों से संबंधित उपलब्धियां बताई गई बल्कि इस कार्यक्रम में मेरठ कॉलेज ने जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देश को दिए हैं उनका सम्मान भी किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि पाने वाली ओलंपियन सुमंगला शर्मा इस कार्यक्रम में उपस्थित रही। जिन्होंने तीरंदाजी में देश का नाम रोशन किया था।
गोला फेंक प्रतियोगिता में एशियाई मेडलिस्ट प्रथम भारतीय महिला किरण बालियान ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इन दोनों को कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के द्वारा सम्मानित किया गया। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मेरठ कॉलेज के ललित कला विभाग में एक कला दीर्घा का उदघाटन भी किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि जिस मेरठ की धरती ने अनेक क्रांतिकारी, शिक्षाविद और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देश को दिए हैं, मैं आज उस स्थान पर विद्यमान हूं ।
उन्होंने खिलाड़ियों का आवाहन करते हुए कहा कि जिनको भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेडल मिलते हैं उन्हें समाज में रोल मॉडल बनना होगा। उन्हें युवाओं का पथ प्रदर्शक बनाकर प्रेरणा देनी होगी। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया की सपने देखें और जुझारू तरीके से उन्हें पूरा करें। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने युवाओं का आवाहन किया कि वह शंकराचार्य, विवेकानंद, रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु जैसे व्यक्तियों से प्रेरणा प्राप्त कर राष्ट्र की सेवा में लग जाए। उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तीन आधार स्तंभ भी बताएं जिनमें संस्कार, रोजगार एवं तकनीक शामिल है। इस कार्यक्रम में मेरठ कॉलेज के सचिव विवेक गर्ग ने अपने 100 दिन के कार्यकाल की उपलब्धियां का कार्यव्रत प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया की 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर उन्होंने शिक्षकों एवं छात्रों का सम्मान किया। उनके ही कार्यकाल में महाविद्यालय में बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, मेरठ शहर के महापौर हरिकांत अहलूवालिया और मेरठ कैंट के विधायक अमित अग्रवाल जी पधारे और उन्होंने छात्रों को तकनीक के प्रति इच्छा शक्ति बढ़ाने का संदेश दिया।
श्री विवेक गर्ग ने बताया कि उनके कार्यकाल में महाविद्यालय के 104 टॉयलेट का उद्धार किया गया। परिसर को वाहन फ्री जोन बना दिया गया है। मेरठ कॉलेज का नेक पोर्टल भी इसी अवधि में लॉन्च हुआ है। विवेक गर्ग ने बताया कि आगे चलकर जफर वाले बाग का नाम स्वामी विवेकानंद परिसर रखा जाएगा और उसमें एनसीसी, एनएसएस और खेलकूद की सुविधाएं विकसित की जाएगी। सरस्वती महिला छात्रावास का प्रारंभ होना भी उनके कार्यकाल की उपलब्धि है।
कार्यक्रम में एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, डॉक्टर सरोजनी अग्रवाल एवं मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल भी उपस्थित रहे। मेरठ कॉलेज के अध्यक्ष डॉ ओपी अग्रवाल ने बताया कि मेरठ कॉलेज न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि संपूर्ण देश का एक महत्वपूर्ण महाविद्यालय है। इसने देश को सामाजिक क्षेत्र, राजनीतिक क्षेत्र एवं खेलकूद के क्षेत्र में अनेक योगदान दिए हैं। कार्यक्रम का आयोजन प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। डॉ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतिवर्ष 28 खेल प्रतियोगिता आयोजित होती है इनमें से 18 खेल प्रतियोगिताओं में मेरठ कॉलेज ने अपना झंडा फहरा दिया है। इस वर्ष मेरठ कॉलेज ने अंतर महाविद्यालय टीमों में 180 पुरुष एवं 87 महिला खिलाड़ी भेजें अर्थात कुल 1 वर्ष में 267 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। मंच का संचालन डॉक्टर निशा मनीष ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एमएलसी डॉक्टर सरोजनी अग्रवाल ने की। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ नीरज कुमार, चंद्रशेखर भारद्वाज, डॉ नरेश कुमार, डॉ अवधेश कुमार, डॉ रचना कुमारी, डॉ विनीता, डॉ सुधीर मलिक इत्यादि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।