
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के गांव घाट में खेत से घर लौट रहे एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव घाट निवासी विवेक कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह चार दिन पूर्व खेत से अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गांव में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद गांव के ही सुनील, रविंद्र, सोनू और रवि ने उसे देखते ही अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
