
मेरठ। नाबालिगों से जुड़ा अश्लील कंटेंट किसी भी रूप में तैयार करना, प्रसारित करना या बेचना कानूनन गंभीर अपराध है और इसे चाइल्ड पोर्नोग्राफी की श्रेणी में रखा जाता है। इसी तरह के एक मामले में मेरठ पुलिस ने टेलीग्राम के माध्यम से बच्चों के अश्लील वीडियो बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की राकेश डेयरी वाली गली निवासी अमित जैन विभिन्न वेबसाइटों से नाबालिगों से जुड़े अश्लील वीडियो डाउनलोड कर उन्हें टेलीग्राम चैनलों के जरिये आगे बेचता था। प्रत्येक वीडियो की बिक्री पर उसे करीब 150 रुपये का कमीशन मिलता था। इस अवैध गतिविधि के जरिए उसने कुछ ही समय में अच्छी-खासी रकम अर्जित कर ली थी।
इस मामले की शिकायत सात सितंबर को देहरादून पुलिस द्वारा की गई थी, जिसके आधार पर ब्रह्मपुरी थाने में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए गए हैं, जिन्हें सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गुरुनानक नगर में उसकी आर्टिफिशियल ज्वैलरी की दुकान है और इसी के साथ वह टेलीग्राम के जरिए चाइल्ड पोर्न वीडियो की बिक्री भी कर रहा था। उसने कबूल किया कि वह सात सितंबर से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और लाखों रुपये कमा चुका है।
इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। लोग अलग-अलग चैनल बनाकर इस तरह का कंटेंट बेचने और खरीदने में लगे हैं। पुलिस न केवल इस मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है, बल्कि साइबर टीम के जरिए अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
