
मेरठ। झोलाछाप डॉक्टर द्वारा मरीज को एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल हुए मरीज ने मेरठ से दिल्ली तक विभिन्न अस्पतालों में उपचार करवा लिया, जहां चिकित्सकों ने हाथ कटने की संभावना जताई।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर घसौली निवासी मुन्ना पुत्र हकीमुद्दीन ने बताया कि 12 सितंबर 2023 को उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी और हाथ-पैरों में तेज दर्द हो रहा था। मुन्ना ने अपने गांव के ही प्रदीप सैनी को अपने स्वास्थ्य की समस्या बताई। आरोप है कि प्रदीप ने खुद को चिकित्सक बताते हुए मुन्ना के घर बुलाया और उनके हाथ में इंजेक्शन लगाया।
इंजेक्शन लगाने के कुछ ही समय बाद मुन्ना को बेचैनी और घबराहट महसूस हुई। आरोप है कि तब प्रदीप ने बताया कि गलती से एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लग गया है। उसने इसे रोकने के लिए दूसरा इंजेक्शन लाने की बात कहकर चले जाने के बाद वापस नहीं आया।
घटना के बाद मुन्ना को पहले रीटा नर्सिंग होम और दर्शन हॉस्पिटल ले जाया गया, इसके बाद पुष्पा अंजली हॉस्पिटल दिल्ली में उपचार कराया जा रहा है। चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि उसकी दो अंगुलियां या अंगूठा कटने की संभावना है।
मुन्ना ने आरोप लगाया है कि प्रदीप सैनी झोलाछाप है और उसने जानबूझकर एक्सपायरी इंजेक्शन लगाया। इस प्रकरण में मुन्ना ने एसएसपी, सीएमओ और मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र भेजा था। कार्रवाई नहीं होने पर वह कोर्ट गया और अपना पक्ष रखा।
कंकरखेड़ा थाना के इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद प्रदीप सैनी के खिलाफ एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
