सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी पर निर्माण कार्यो में बांधा डालने का आरोप लगाते हुए जिला पंचायत के सदस्यों ने पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर धरना दिया और जिला पंचायत अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपा। आज सुबह जिला पंचायत सदस्य जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे और अपर मुख्य अधिकारी के कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। जिला पंचायत सदस्यों का कहना था कि अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत के निर्माण कार्यों को बाधित कर रहे हैं, जिस कारण वह अपने क्षेत्र का विकास नहीं कर पा रहे है। जिला पंचायत सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि अपर मुख्य अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते और ना ही विकास कार्य को कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईद उल अजहा पर्व के कारण साफ-सफाई की व्यवस्था बाधित हो रही है और अगले तीन माह में बरसात के कारण विकास कार्य नहीं कराये जा सकते और उसके बाद उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला है। ऐसे में जिला पंचायत सदस्यों के सामने विकास कार्य कराये जाने की बड़ी समस्या बन रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अपर मुख्य अधिकारी उनकी मांगों को नहीं मानते तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मुकेश चौहान, श्रीमती ममता चौधरी, केसर अली, सुबे सिंह काम्बोज, जगमाल सिंह, सविता सैनी, विक्रम सिंह, सुभाष, विनोद कुमार, नीलम राणा, विनोद कश्यप, मौहम्मद इसरार समेत आदि जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
