सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा की विवेचनाधीन मुकदमों की विवेचना शीघ्र समाप्त करके आगे की कार्यवाही में तेजी लाएं। विवेचना में लापरवाही पर विवेचना अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल आज यहां कलेक्ट्रेट सभागार में अवैध खनन एवं परिवहन को रोकने के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नीलामी संबंधी कार्यवाही को समयबद्धता के साथ पूरा करें। पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्ष अपने स्तर से बिना नंबर प्लेट, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध की गई कार्यवाहियों की जानकारी अगली बैठक में उपलब्ध कराने के साथ ही तत्काल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करें। उन्होने सख्त निर्देश दिए कि पकडे गये ओवरलोड वाहनों की जारी आरसी की कडाई से वसूली की जाए। एसडीएम, सीओ एवं संबंधित थाना अध्यक्ष यह सुनिश्चित कर लें कि उनके क्षेत्र में किसी भी दशा में अवैध खनन न होने पाए। डीएम ने कहा कि अगर किसी थानाध्यक्ष के क्षेत्र में होने वाले अवैध खनन की सूचना जिला टास्क फोर्स को नहीं दी गई तो संबंधित थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसलिए सभी थानाध्यक्ष अवैध खनन की सूचना मिलते ही तत्काल टास्कफोर्स को सूचित करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एसपी देहात सागर जैन, एसडीएम सदर, नकुड, बेहट आदि रहे। एआरटीओ एमपी सिंह, खनन अधिकारी सुभाष सिंह सहित संबंधित पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
