मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी 15 जून से 21 जून तक सात दिवसीय 12 वां योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह योग शिविर केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि भारतीय जीवनशैली, योग एवं आयुर्वेद की महान परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। इस वर्ष योग शिविर की विशेषता यह है कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक साथ एक वेशभूषा में सूर्य नमस्कार कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। यह आयोजन विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ महाविद्यालयों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से संपन्न होगा। हर वर्ष की भांति इस बार भी योग गुरू स्वामी कर्मवीर जी महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा। कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक प्रयास को सफल बनाने के लिए सभी महाविद्यालयों को नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, 21 जून को प्रातः 7 बजे विश्वविद्यालय एवं सभी संबद्ध महाविद्यालयों में एक साथ सूर्य नमस्कार कराया जाएगा। प्रतिभागियों की संख्या का जियो-टैग फोटोग्राफ एवं वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से प्रामाणिक दस्तावेजीकरण किया जाएगा। एक साथ सूर्य नमस्कार योग मुद्रा का आयोजन कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा। इस योग शिविर में प्रतिदिन प्रातः 5 से 7 बजे तक योग सत्र तथा सायं 4 से 6 बजे तक निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श की व्यवस्था की गई है। प्रतिभागियों की वेशभूषा एकरूप रखने और सूर्य नमस्कार अनुक्रम एक समान बनाए रखने के लिए दिशानिर्देश एवं संबंधित सामग्री पहले से उपलब्ध कराई जा रही है। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों से भी कहा है कि वे अपने शिक्षण संस्थानों, परिवारजनों और समाज के लोगों को इस महाअभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। इस आयोजन को पारदर्शी तरीके से प्रलेखित कर भारत सरकार को निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय परिसर में योग वाटिका, ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी, संगोष्ठियाँ तथा वैज्ञानिक शोध लेखन कार्य जैसी अनेक गतिविधियाँ भी योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रोफेसर मृदुल कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉक्टर अनिल कुमार यादव , कुलानुशासक प्रोफेसर बीरपाल सिंह, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर भूपेंद्र सिंह, प्रोफेसर राकेश कुमार शर्मा , प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता, प्रोफेसर केके शर्मा, प्रोफेसर इंचार्ज मीडिया सेल प्रोफेसर मुकेश शर्मा, मीडिया सेल सदस्य मितेंद्र कुमार गुप्ता, इंजीनियर प्रवीण पवार, इंजीनियर मनीष मिश्रा आदि मौजूद रहे।
