मेरठ में शादी समारोहों के चलते सड़कों पर जाम की स्थिति लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को दून हाईवे स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर भारी वाहन दबाव के कारण लंबा जाम लग गया। हालात संभालने के लिए टोल प्रबंधन को दो लेन रिवर्स में चलानी पड़ी।
फास्टैग स्कैनिंग में दिक्कत, कुछ वाहन चालकों की बहसबाजी और अव्यवस्थित तरीके से चल रहे वाहनों ने जाम को और बढ़ा दिया।
पुलिस व टोल कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालकर यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी।

मोदीपुरम। शादी के सीजन में शहर की सड़कों से लेकर गलियों और हाईवे तक जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार को दून हाईवे पर सिवाया टोल प्लाजा सहित कई स्थानों पर भारी जाम देखने को मिला। हालात इतने बिगड़े कि सिवाया टोल प्लाजा पर दो लेन को रिवर्स डायरेक्शन में चलाना पड़ा।
जाम की बड़ी वजह यह रही कि करीब पाँच फीसदी वाहनों पर फास्टैग नहीं था या बैलेंस न होने के चलते टैग ब्लैकलिस्ट था। ऐसे वाहन चालकों की टोल कर्मचारियों से बहसबाजी भी हुई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
दौराला पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और विभिन्न स्थानों पर जाम को खुलवाया।
हर वीकेंड दून हाईवे पर शनिवार और रविवार को जाम लगना आम बात है, लेकिन शादी के मौसमी दबाव के कारण अब यह समस्या लगभग रोज़ देखने को मिल रही है। गुरुवार शाम सिवाया टोल प्लाजा पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगीं। खासतौर पर मुजफ्फरनगर की ओर से मेरठ आने वाली सभी लेन भारी वाहनों और कारों से भरी रहीं।
चौपहिया वाहनों की अधिक संख्या के चलते मेरठ की ओर आने के लिए दो लेन को रिवर्स डायरेक्शन में चलाना पड़ा। स्थिति संभालने के लिए टोल प्लाजा पर अतिरिक्त 10 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। वाहनों की कतार भराला झाल पार कर दौराला फ्लाईओवर तक पहुंच गई थी। दौराला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अव्यवस्थित वाहनों को कतारबद्ध कराया और तेजी से निकासी कराई।
टोल पर फास्टैग न होने या बैलेंस खत्म होने के चलते कई वाहन ब्लैकलिस्ट पाए गए। ऐसे वाहनों से नियम के अनुसार दो गुना टोल शुल्क मांगा गया, जिस पर कई चालकों ने टोल कर्मचारियों से बहसबाजी की। पुलिस ने हस्तक्षेप कर चालकों को समझाया, जिसके बाद उन्होंने निर्धारित शुल्क जमा किया और आगे बढ़े।
सिर्फ टोल ही नहीं, बल्कि दुल्हैड़ा चौकी कट, एसडीएस ग्लोबल अस्पताल कट, पल्लवपुरम फेज-1 कट, रुड़की रोड, हाईवे चौकी के पास, दायमपुर और खड़ौली कट पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
सिवाया टोल प्लाजा के वरिष्ठ मैनेजर अनुज सोम ने बताया कि शादियों के सीजन के कारण वाहनों का दबाव अचानक बढ़ा, जिसके चलते जाम लगा। अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए और दौराला पुलिस ने पूरी व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।
