
मेरठ में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की शाहजहां कॉलोनी में पतंग उड़ाते समय छत से गिरने से एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार शाहजहां कॉलोनी निवासी इरशाद डेयरी का संचालन करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटा अयान था। सोमवार की शाम करीब चार बजे अयान अपने घर की छत पर बनी ममटी पर खड़े होकर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे छत पर जा गिरा।
गिरने से अयान के सिर में गंभीर चोट आई। आवाज सुनकर परिजन तुरंत छत पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे लोकप्रिय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इलाज के दौरान रात में अयान ने दम तोड़ दिया।
बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां शबीला और बहन शबरीन का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधाने में जुटी रहीं। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, आवश्यक कार्रवाई कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। देर रात परिजनों ने अयान को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
