मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। सर्किट हाऊस व सदर तहसील, मेरठ में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ. मीनाक्षी भराला द्वारा महिलाओं से संबंधित मामलों में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में पुलिस से संबंधित कुल 15 प्रकरण प्राप्त हुये।
जनसुनवाई के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्या द्वारा संबंधित अधिकारी को प्रार्थना पत्र का तत्काल निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। उसके उपरांत मा0 सदस्या द्वारा थाना जानी का निरीक्षण किया गया। डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि सभी अधिकारी महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करें, जनसुनवाई के दौरान उन्होंने महिलाओं से कहा कि वह खुलकर अपनी बात रखें। उन्होने कहा कि पुलिस अधिकारी महिला उत्पीडन से संबंधित घटनाओं का संज्ञान प्राथमिकता पर लेते हुये त्वरित कार्यवाही करें। जनसुनवाई के दौरान अनुपस्थित अधिकारियो के संबंध में उन्होने कहा कि इसकी सूची बनाकर विभाग के संबंधित उच्चाधिकारी को भेजी जायेगी। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के प्रचार प्रसार हेतु गांव-गांव में कैम्प लगाकर महिलाओ को जागरूक किया जायेगा, जिससे ग्रामीण महिला इसका लाभ ले सके। कांवड यात्रा के बाद जनपद के समस्त ब्लाको, मुख्यालयो पर समीक्षा की जायेगी कि कितनी महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन तथा गरीब परिवारों के बच्चो को जिसने आवेदन किया था, उनको उसका लाभ मिल रहा है या नहीं। जनपद मेरठ के प्रत्येक गांव में कैम्प लगाया जायेगा, जिससे सभी महिलाये इन योजनाओ का लाभ लें सके। उन्होने कहा कि उत्तद प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओ के लिए रोजगार सृजन के लिए एक जनपद एक उत्पाद, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा जैसी अनेको योजनाएं चलाई जा रही है। इन योजनाओ में महिलाओ को संबंधित ट्रेड की टूलकिट फ्री में तथा 10 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु आने-जाने का मानदेय भी उ0प्र0 सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है।
उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बेरोजगारी को दूर करने तथा रोजगार को बढावा देने के लिए रू0 05 लाख का ऋण बिना ब्याज, बिना गारंटी दिया जा रहा है। इसका लाभ भी महिलाओ को उठाना चाहिए। इस अवसर पर, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अशोक कटारिया, आशा चौधरी बेसिक शिक्षा अधिकारी, डा. पारूल वर्मा, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक सौम्य अस्थाना, सुमित कुमार, जिला सूचना अधिकरी, खुशबू शर्मा, जिला मिशन कोर्डिनेटर महिला एवं बाल विकास विभाग व विभिन्न विभागों से अन्य समस्त विभागों से अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
