मवाना, मेरठ। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद मवाना द्वारा महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आरओ वाटर प्लांट के ऊपर बने मीटिंग हॉल में आयोजित हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक और अधिशासी अधिकारी श्री राजीव कुमार द्वारा रानी अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें संजय त्यागी (प्रदेश उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा), समीर चौहान (जिला महामंत्री), पूनम शर्मा (सदस्य, जिला पंचायत मेरठ), राजकुमार शर्मा (जिला कार्यालय प्रभारी), और सचिन कौशिक (मवाना मंडल अध्यक्ष) शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, संघर्ष और समाज में उनके योगदान पर प्रकाश डाला तथा महिलाओं को प्रेरित किया कि वे भी समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष सफाई अभियान के साथ-साथ पालिका के महिला सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। यह चिकित्सा शिविर सामुदायिक केंद्र मवाना में लगाया गया, जिसमें महिला सफाई कर्मियों का पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया गया। नगर पालिका परिषद मवाना का यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

