मवाना संवाददाता। नगर के प्रतिष्ठित एएस इंटर कॉलेज में मंगलवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन पूजन के साथ की गई। शुभारंभ कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री मेघराज, समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। हवन पूजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और सत्र की सकारात्मक शुरुआत करना रहा। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सम्पन्न हुए यज्ञ में सभी ने आहुति देकर वातावरण को पवित्र किया। प्रधानाचार्य मेघराज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि अच्छे संस्कारों के साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नए उत्साह के साथ पढ़ाई में जुटने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और विद्यालय परिवार द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को नए सत्र की शुभकामनाएं दी गईं।
