मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से दबंगों की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां मामूली सी बात पर दबंगों ने दलित मजदूर को फार्म हाउस में बंधक बना लिया। इसके बाद मजदूर को मुर्गा बनाकर गन्ने से उसकी पिटाई की गई। पिटाई के दौरान आरोपी लगातार दलित युवक को जाति सूचक शब्द कहते हुए गाली देकर अपमानित करते रहे। आरोपियों ने दलित युवक से माफी भी मंगवाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हस्तिनापुर की प्रभात नगर कॉलोनी के रहने वाले अनुसूचित जाति के युवक देवा के मुताबिक वह कस्बे के बंगाली बाजार स्थित भड़ाना फार्म हाउस पर मजदूरी करता है। देवा का आरोप है कि सोमवार को माखननगर निवासी अमित दो अज्ञात युवकों के साथ फार्म हाउस पर आया। आरोपियों ने देवा के साथ मारपीट करते हुए उसे फार्म हाउस में बंधक बना लिया। इसके बाद गन्ने से पिटाई करते हुए देवा को जबरन मुर्गा बना दिया। आरोपियों ने देवा की जमकर पिटाई की। इस दौरान दबंगों ने देवा के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जाति सूचक शब्द कहकर अपमानित किया। साथ ही अपने खिलाफ या थाने जाने पर पूरे परिवार के खात्मे की धमकी देते हुए माफी मांगते देवा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर पुलिस ने पीड़ित से संपर्क किया। इसके बाद दहशत में आए पीड़ित ने आरोपी अमित सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
