मवाना संवाददाता। नगर पालिका परिषद मवाना में सफाई विभाग की साप्ताहिक विभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने की। इस दौरान उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए सफाई नायकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। पालिका अध्यक्ष ने रात्रिकालीन सफाई अभियान के रोस्टर का रजिस्टर तैयार करने व उसे आगामी विभागीय बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश सफाई लिपिक को दिए। इसके साथ ही उन्होंने बेरियों स्थित श्मशान घाट की साफ-सफाई के आदेश भी जारी किए। अध्यक्ष कौशिक ने निर्देश दिए कि नगर की मुख्य सड़कों कृ मैन रोड, हस्तिनापुर रोड, फलावदा रोड, भैसा रोड, मील रोड, मखदुमपुर रोड व मुबारिकपुर रोड कृ पर प्रतिदिन वाटर स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव कराया जाए। सफाई व्यवस्था की समयबद्धता पर बल देते हुए अध्यक्ष ने कहा कि सुबह 7ः30 बजे तक पालिका वाहन कूड़ा उठाना प्रारंभ करें और इस दौरान वाहनों के स्पीकर लगातार बजते रहें। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सफाई अभियान सुबह 9ः00 से 11ः00 बजे तक तथा रात्रि अभियान शाम 7ः00 से रात 9ः00 बजे तक अनिवार्य रूप से संचालित किया जाए। इस बैठक में सभासद अनुज, विनीत चौधरी, सभासद पति मनीष यादव, सफाई लिपिक लाखन सिंह, सफाई नायक राकेश कुमार, सुजीत कुमार, मजहर अब्बास, विकास कुमार, सफाई सहायक राजपति यादव एवं सहायक लिपिक नंदकिशोर समेत अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
