मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। आज उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर मौजूद हैं। प्रदेश में स्पोर्ट्स हॉस्टल की संख्या बढ़ी है। मेरठ में ही खेल विश्वविद्यालय बन रहा है जहां से विश्वस्तरीय खिलाड़ी तैयार होंगे जो देश का गौरव बढ़ाएंगें। आईआईएमटी विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे मेरठ खेल महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल (गाजियाबाद) ने खिलाड़ियों को खेल भावना से प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। मेरठ खेल महोत्सव में लगभग दो हजार खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। आईआईएमटी विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन एवं टैलेंटपोस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे मेरठ खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित उद्घाटन समारोह में आए मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल (गाजियाबाद) का स्वागत आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ मयंक अग्रवाल एवं महोत्सव के आयोजक सचिव नमन भारद्वाज ने प्रतीक चिन्ह देकर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ मयंक अग्रवाल ने मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल (गाजियाबाद), कार्यक्रम आयोजक नमन भारद्वाज का आभार व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों और कोच का स्वागत किया। डॉ0 मयंक अग्रवाल ने खिलाड़ियों से कहा कि खेल को मन से खेलें और जीत के लिए खेलें। अगर आप जीत नहीं पाएंगें तो भी जो आप सीखेंगें वो भी आपकी जीत होगी। मेरठ खेल महोत्सव के माध्यम से खेल-खिलाडियों को प्रोत्साहन मिलेगा। राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल ने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ी अधिक मेडल ला रहे हैं तो विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद राशि व सुविधाओं का स्तर भी काफी बढ़ा है। आज खेल जगत में भी भारतीय खिलाड़ी परचम लहरा रहे हैं। खेल पर ध्यान केंद्रित रख कर प्रयास करने वाले के लिए अवसरों की कमी नहीं है। मेरठ खेल महोत्सव के आयोजन के लिये आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता, प्रति कुलाधिपति डॉ मयंक अग्रवाल एवं कार्यक्रम आयोजक संस्थापक स्पोर्ट्स प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन नमन भारद्वाज को बधाई देते हुए डॉ अनिल अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेल और खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। भविष्य में यहां के अनेक राष्ट्रीय-अर्न्तराष्ट्रीय खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे। इंडियन कबड्डी कोच अर्जुन सिंह ने बताया कि इस तरह के आयोजन से युवाओं में छिपी प्रतिभा सामने आती हैं वहीं कई सालों से तैयारी में जुटे जुझारू खिलाड़ियों को अपना कौशल साबित करने का मौका मिलता है। स्पोर्ट्स प्रमोशन आर्गेनाइजेशन के संस्थापक, नमन भारद्वाज ने बताया कि मेरठ खेल महोत्सव में वालीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, खो खो, टेनिस क्रिकेट, रस्साकशी, कबड्डी, प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं जिसमें लगभग दो हजार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। 31 मई को एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान हेतु क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया जा रहा है।सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला में आरती, आशी और सोनल ने नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की प्रशंसा हासिल की। मंच का संचालन शिखा और नेहा ने किया। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि सूबेदार उचित शर्मा अंर्तराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज के निदेशक निर्देश वशिष्ठ, निदेशक प्रशासन डॉ. संदीप कुमार, डीन एक्टिविटी डॉ. लखविंदर सिंह, डीन वीएस पटियाल, महोत्सव आयोजन समिति के सदस्य अनिल विधूड़ी गौरव मावी, राहुल भाटी, मनोज कनोजिया मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।
