मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। मंगलवार की सुबह काम पर निकले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह युवक का शव अम्हेड़ा गांव के जंगल में बरामद होने के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के मुताबिक अम्हेड़ा गांव का रहने वाला 21 वर्षीय हर्ष पुत्र संजय मजदूरी करता था। परिवार के लोगों का कहना है कि मंगलवार को हर्ष अपने काम पर गया था। लेकिन, देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग दोस्तों और रिश्तेदारों को कॉल करके हर्ष के बारे में जानकारी करते रहे। इसी दौरान बुधवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों को अम्हेड़ा गांव के जंगल में खेत में एक युवक की खून से लथपथ लाश दिखाई दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। युवक की हत्या सीने में गोली मारकर की गई थी। शव के पास ही पुलिस को एक तमंचा और पानी की खाली बोतल भी बरामद हुई। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने मृतक की शिनाख्त हर्ष के रूप में की। बेटे की लाश देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पुलिस ने किसी तरह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर गंगानगर ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। घटना की जांच की जा रही है। हर्ष मजदूरी करता था, खेलने की बात कहकर गया था: परिजनों ने बताया कि बेटा हर्ष मजदूरी करता था। मंगलवार शाम को काम से लौटकर कुछ देर घर पर रुका और फिर खेलने की बात कहकर घर से निकल गया था। रात तक हर्ष उसके न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब 1 बजे हर्ष ने अपने पिता के मोबाइल नंबर पर कॉल की, लेकिन घरवाले सो रहे थे और कॉल रिसीव नहीं हो सकी। पीछे की ओर से मारी गई गोली: हर्ष को दाएं ओर कमर में पीछे की ओर से गोली मारी गई है। शव के नीचे फोरेंसिक टीम को तमंचा मिला,जिसमें खोखा फंसा हुआ था। मौके पर एसपी देहात राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। लग रहा है कि दाएं ओर पीछे की ओर से सीने में गोली मारकर हत्या की गई है। लाश के पास मिला तमंचा और पानी की बोतल: मौके पर हर्ष के पिता संजय, मां रेशा भी पहुंची। वहीं पुलिस और फोरेंसिक टीम, साथ ही सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह भी पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस के अनुसार, मौके से पानी की एक बोतल मिली है, जो किसी सुराग की कड़ी हो सकती है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
