मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा.वी.के. सिंह की अध्यक्षता में कांवड यात्रा की तैयारियो की समीक्षा हेतु संबंधित अधिकारियो के साथ बैठक आहूत की गई। बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, विद्युत सुरक्षा, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, वन विभाग, जल निगम, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित विभागो के अधिकारियो को कांवड यात्रा तैयारियां में तेजी लाये जाने के निर्देश दिये गये। विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी द्वारा सख्त निर्देश देते हुये कहा गया कि संबंधित विभाग कांवड यात्रा सकुशल संपन्न होने तक अपने कार्यों को निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करेंगे। कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होने कहा कि अगर किसी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी की लापरवाही के कारण कोई भी कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई तो वह स्वयं जिम्मेदार होंगे तथा जिम्मेदार उच्चाधिकारी के विरूद्ध कडी कार्यवाही की जायेगी। सभी अधिकारी पूर्व में ही अपने कार्यों की समीक्षा एवं मॉक ड्रिल कर लें। पांच जुलाई को सभी तैयारियो की सेन्ट्रल मॉक ड्रिल की जायेगी। सिंचाई, आरआरटीएस, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई सहित कांवड मार्ग से संबंधित अन्य समस्त विभागो को निर्देशित किया गया कि सभी कांवड मार्ग पर पूर्णतया गड्डामुक्त हो यह सुनिश्चित किया जायें तथा संबंधित विभागो द्वारा सडक मरम्मत का कार्य तत्काल पूर्ण कराया जाये। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह दुरूस्त रहे इसका संबंधित विभाग विशेष ध्यान दें। शहर क्षेत्र में समस्त स्ट्रीट लाईट पूर्णतया संचालित रहें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, जलनिकासी, मोबाइल टायलेट, एम्बुलेन्स जैसी सेवाये प्रत्येक कांवड मार्ग पर उपलब्ध रहे। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड यात्रा के दौरान विद्युत सप्लाई निर्बाध रूप से संचालित हो, सभी मार्गों पर विद्युत तारो की ऊंचाई मानक अनुसार हो, कहीं पर भी ढीले तार न हो, खंभे पूरी तरह से पालिथीन से कवर हो, कांवड मार्गों पर जो विद्युत तार क्रॉस कर रहे है ऐसे सभी स्थानो को चिन्हित कर ठीक किया जाये तथा क्रॉसिंग प्वाइंट से 200 मीटर पहले चेतावनी बोर्ड लगाया जाना सुनिश्चित किया जाये। सिंचाई विभाग सहित संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया कि नहर एवं रजवाहा पटरी मार्ग पर साफ-सफाई, गोताखोर की व्यवस्था, सडक मरम्मत, झाडियो की छंटाई, मोटर बोट की व्यवस्था इत्यादि कार्यों में तेजी लाई जाये। समस्त एसडीएम, सीओ एवं संबंधित विभागीय अधिकारियो को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्रो में स्थलीय भ्रमण करते हुये कांवड तैयारियो की व्यवस्थाओ का स्वयं निरीक्षण करें। कांवड शिविर संचालको के साथ बैठक कर शिविरो के संबंध में की जा रही व्यवस्था एवं नियमो से अवगत कराया जाये। खाद्य सुरक्षा विभाग शिविर तथा कांवड मार्ग पर पडने वाली दुकानो पर रेट लिस्ट, खाद्यान्न की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। पुलिस विभाग द्वारा दुकान एवं शिविर संचालको का शत-प्रतिशत वेरीफिकेशन सुनिश्चित किया जाये। स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेन्स, मोटर साईकिल एम्बुलेन्स, कर्मचारियो की उपलब्धता, निजी अस्पतालो में 10 प्रतिशत बेड रिजर्व तथा कांवड के समय समस्त अस्पतालो में नोडल अधिकारी, कर्मचारी की शिफ्टवार डयूटी इत्यादि के संबंध में कार्यवाही सुनिश्चित करते हुये पूरा डाटा उपलब्ध कराये। अधिकारी धार्मिक स्थल, मंदिर इत्यादि का भ्रमण करते हुये श्रद्धालुओ के दृष्टिगत की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओ का निरीक्षण करें तथा मंदिर कमेटी के साथ बैठक करते हुये आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि कांवड मार्ग तथा मंदिरो के आसपास विद्युत व्यवस्था, पथ प्रकाश, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, साईनेज आदि व्यवस्थाओ को समय से पूर्ण करा लिया जाये। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओ के लिए आवश्यक सेवाओ एवं उनकी सुरक्षा व्यवस्था के साथ किसी भी स्थिति में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिकता है इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी सख्त निर्देश दिये गये है। सभी अधिकारी कार्यों को गंभीरता से लेते हुये कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा0 अशोक कटारिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्य कान्त त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्यापति राजपाल सिंह, एमडीए सचिव आनंद प्रकाश सिंह, एसपी ट्रैफिक राघवेन्द्र मिश्रा, समस्त एसडीएम, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
