मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। शासन द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में आज विकास भवन सभागार में आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ के अवसर पर आपातकाल दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों व उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आपातकाल पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया इसके अलावा सामूहिक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया जिसमें लोकतंत्र की रक्षा और संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मा0 राज्यसभा सांसद, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने लोकतंत्र सेनानियों व उनके आश्रितों क्रमशः सतीश, राकेश शर्मा, कृष्णकान्त, प्रदीप जैन, सतेन्द्र, कुंवरजीत, राकेश, राधेश्याम, हरिशचन्द्र, राजेश गुप्ता आदि को स्मृति चिन्ह व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानी व उनके आश्रितों ने अपने-अपने अनुभव व्यक्त किये। राज्यसभा सांसद ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का एक ऐसा काला अध्याय है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता, लोकतंत्र के मूल्यो को तार-तार करते हुये संविधान की हत्या की गई। उन्होने कहा कि मनमाने ढंग से देश पर थोंपा गया आपातकाल जिसकी भयावह स्मृतियां आज भी लोगो के जहन में है। बडी संख्या में लोगो को जेलो में बंद किया गया। उन्होने कहा कि एक तरफ लोकतंत्र के सैनानियो ने प्रताडना झेली और संविधान व लोकतंत्र को बचाने का काम किया तो दूसरी तरफ उनके परिवारो ने जो कठिनाईयां झेली वह शब्दो में वर्णन कर पाना मुश्किल है। उन्होने कहा कि उस दौर में जिन लोगों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की वे वास्तव में हमारे समाज के प्रेरणा स्रोत हैं। आज का दिन हमें इस बात का संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहे। उन्होने कहा कि आपातकाल के दौरान जिन लोगों ने अपनी आजादी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की कीमत पर देश के लोकतंत्र को बचाने में योगदान दिया वह अतुलनीय है। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डा0 वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और लोकतंत्र सेनानी व उनके आश्रित उपस्थित रहे।
