मवाना संवाददाता। मवाना तहसील परिसर इन दिनों अव्यवस्था और अवैध पार्किंग का केंद्र बनता जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता और ड्यूटी के प्रति लापरवाही के चलते तहसील में आने-जाने वाले लोग मनमर्जी से कहीं भी अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। आलम यह है कि दोपहिया वाहनों से लेकर चारपहिया और भारी वाहनों तक को परिसर में जहां-तहां पार्क कर दिया जाता है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि तहसील परिसर में एसडीएम कार्यालय, सीओ कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय, रजिस्ट्रार कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, उप कोषागार कार्यालय जैसे कई महत्वपूर्ण सरकारी विभाग स्थित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं। परंतु न तो पार्किंग के लिए कोई निर्धारित व्यवस्था है और न ही नियमों का पालन होता दिखाई देता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस बढ़ती अव्यवस्था के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। एयरकंडीशन कमरों में बैठने वाले अधिकारियों की चुप्पी ने अवैध पार्किंग करने वालों के हौसले और बुलंद कर दिए हैं। प्रशासनिक नियंत्रण की कमी के कारण तहसील परिसर में ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे न केवल आमजन बल्कि सरकारी कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में यह और भी गंभीर रूप ले सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तहसील परिसर में उचित पार्किंग व्यवस्था की जाए, पार्किंग स्थल निर्धारित किया जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब नींद से जागते हैं और मवाना तहसील को इस अव्यवस्था से कब निजात दिलाते हैं।
