
देश की पहली रीजनल रैपिड रेल सेवा ‘नमो भारत’ लगातार यात्रियों की पहली पसंद बनती जा रही है। मेरठ से दिल्ली के बीच चल रही इस हाई-स्पीड ट्रेन को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने इसकी फ्रीक्वेंसी और बढ़ाने की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है। भविष्य में नमो भारत ट्रेन को मात्र तीन मिनट के अंतराल पर चलाने की योजना बनाई जा रही है।
शुरुआत में यह ट्रेन 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध थी, लेकिन यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी के चलते पहले इसे 10 मिनट किया गया। अब मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से बढ़ती मांग को देखते हुए और भी बड़ा कदम उठाने की तैयारी है।
वर्तमान में 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ कॉरिडोर के 55 किलोमीटर हिस्से पर नमो भारत ट्रेन का संचालन हो रहा है। यह सेवा मेरठ के भूड़बराल (मेरठ साउथ) स्टेशन से दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक उपलब्ध है। इस रूट पर प्रतिदिन औसतन 55 से 60 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। ट्रेन के संचालन को दो साल पूरे हो चुके हैं और अब तक इसमें करीब दो करोड़ यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं।
नमो भारत ट्रेन का पहला खंड अक्टूबर 2023 में शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक सेक्शन का उद्घाटन किया था, जिसके अगले दिन से यात्री सेवाएं शुरू हो गई थीं। शुरुआती महीनों में ही यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी और नवंबर 2023 में यह आंकड़ा 72 हजार से अधिक प्रति माह पहुंच गया।
इसके बाद 2024 में चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया गया। मार्च में सेवा को मोदीनगर नॉर्थ तक बढ़ाया गया और अगस्त में मेरठ साउथ स्टेशन तक ट्रेन पहुंची। वर्ष 2024 के अंत तक नौ स्टेशनों के साथ 42 किलोमीटर का कॉरिडोर यात्रियों के लिए खोल दिया गया, जिससे दिसंबर में मासिक यात्रियों की संख्या लगभग सात लाख तक पहुंच गई। यानी एक साल में यात्री संख्या में करीब दस गुना इजाफा हुआ।
जनवरी 2025 में दिल्ली सेक्शन में न्यू अशोक नगर से साहिबाबाद तक 13 किलोमीटर लंबे अतिरिक्त हिस्से का उद्घाटन किया गया, जिसमें आनंद विहार जैसे अहम स्टेशन को भी शामिल किया गया। इस विस्तार के बाद जुलाई 2025 तक मासिक यात्रियों की संख्या औसतन 15 लाख के करीब पहुंच गई। वहीं, एक दिन में सबसे अधिक 81,550 यात्रियों का रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया।
क्यों यात्रियों की पसंद बन रही है नमो भारत ट्रेन
- हर 10 मिनट पर ट्रेन की उपलब्धता
- पूरी तरह वातानुकूलित कोच और आरामदायक सीटें
- सामान रखने, मोबाइल चार्जिंग और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं
- कोहरे में भी समय पर संचालन
- सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सेवा
- रैपिडो और उबर जैसी परिवहन सेवाओं से बेहतर कनेक्टिविटी
तेजी, सुविधा और भरोसेमंद संचालन के चलते नमो भारत ट्रेन मेरठ से दिल्ली के बीच यात्रा का नया भरोसेमंद विकल्प बनकर उभर रही है।
