
नई दिल्ली एजेंसी। देश के उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है। इसकी वजह से सैकड़ों फ्लाइट्स और ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को घने कोहरे की वजह से 202 फ्लाइट्स लेट हुईं। दिल्ली और आगरा से खुलने वाली कई ट्रेनें देर से खुलीं। 14 राज्यों में घने कोहरे का असर है। पंजाब के अमृतसर में जीरो विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। यहां फ्लाइट्स के ऑपरेशन रोक दिए गए हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी विजिबिलिटी और बर्फबारी की वजह से फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में शीतलहर के कारण आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बिहार की राजधानी पटना में भी ठंड के कारण सभी स्कूलों और सभी क्लास की टाइमिंग बदल दी गई है। इसे 6 जनवरी तक सुबह 9 बजे से 4 बजे तक की गई है। पहाड़ों पर भी बर्फबारी और ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश मे बर्फबारी के बाद से प्रदेश के 5 क्षेत्रों का पारा माइनस में पहुंच गया है। ताबो का न्यूनतम तापमान -14.7 डिग्री, समदो का -9.3 डिग्री, कुकुमसैरी -6.9 डिग्री, कल्पा का -2 और मनाली का 2.8 डिग्री दर्ज किया गया।
स्पाइसजेट और इंडिगो ने अपनी-अपनी एडवाइजरी में कहा है कि पैसेंजर्स अपनी फ्लाइट से पहले टेक ऑफ का अनुमानित टाइम जरूर देख ले। एयरलाइंस ने कहा कि धुंध नहीं छटी तो फ्लाइट्स रद्द भी हो सकती हैं। दिल्ली में शुक्रवार को लगातार पांचवे दिन तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1डिग्री कम 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा। इसी तरह शुक्रवार का तापमान भी 17 डिग्री और 8 डिग्री रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी का अलर्ट। हिमाचल में बिजली भी गिर सकती है। मध्य प्रदेश, राजस्थान में कोल्ड डे की कंडीशन रहेगी। अरुणाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रोस्ट कंडीशन देखने को मिलेगी।