
मोदीपुरम। मेरठ-बागपत जिला सहकारी बैंक ने बैंक डिपोजिट के मामले में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैंक के चेयरमैन विमल शर्मा को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
वर्ष 2024-25 में उत्तर प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों में कुल लगभग 500 करोड़ रुपये डिपोजिट किए गए, जिनमें से अकेले मेरठ-बागपत जिला सहकारी बैंक में 125 करोड़ रुपये जमा हुए। यह आंकड़ा वित्तीय क्षेत्र में जिले की मजबूती और बैंकिंग गतिविधियों में जनता के भरोसे को दर्शाता है।
सम्मान समारोह में विमल शर्मा ने कहा कि 125 करोड़ रुपये का डिपोजिट प्राप्त करना जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिसके कारण मेरठ-बागपत को प्रदेश में पहला स्थान मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि ये बैंक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत कड़ी बनकर उभर रहे हैं।
इस उपलब्धि से न केवल जिले की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि स्थानीय जनता में बैंकिंग प्रणाली के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
