सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। सफाई कर्मचारियों को हटाये जाने के विरोध में उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ व अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले सफाई कर्मचारियों का धरना आज पांचवे दिन भी जारी रहा। निगम कार्यालय पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए मण्डल महामंत्री बृजमोहन चनालिया, रघुवीर चंदेल विशेष सलाहकार चेतन चनयाने ने कहा कि नगर आयुक्त और महापौर ने अभी तक कर्मचारियों की मांगों के सम्बन्ध में कोई भी बातचीत नहीं की है। जबकि नगर निगम कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत करके बकरा ईद का त्यौहार शान्तिपूर्ण ढंग से निपटा दिया है। नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों को उग्र आन्दोलन करने के लिए उकसा रहा है। इस भीषण गर्मी में यदि कर्मचारी काम बन्द कर हड़ताल पर चले गये और जन जीवन अस्त व्यस्त हुआ, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। जिला महामंत्री सुनील घाघट व नगर उपाध्यक्ष नाथी राम ने कहा कि हम सफाई कर्मचारियों के साथ नगर निगम प्रशासन दोगली नीति अपना रहा है। जो सफाई कर्मचारी साठ वर्ष के हो गये हैं। उन्हें तो हटा दिया गया, किन्तु सफाई के अतिरिक्त अन्य कार्यों में लगे 65 से 70 वर्ष के कर्मचारियों को नगर निगम प्रशासन ने नहीं हटाया है। धरने पर बैठे सभी कर्मचारियों ने उग्र आन्दोलन करने की चेतावनी भी दी। इस दौरान नरेश, ज्ञानचन्द, घसीटू, रोहित प्रधान, कु.नीलम, मनमोहन सूद, नाथी राम, राजकुमार चंदेल, ईश्वर सिंह, हिमांशु, श्रीमती सरला, सतीश कुमार, शिवम, श्रीमती गीता, ममता, कमल किशोर चंचल, महेन्द्र बेदी, सुनील घाघट देशराज, तौसीफ, कुलदीप हंस, श्यामों, कान्तादेवी, सुनील घाघट, सिद्धान्त, गफार, राजीव घावरी, राकेश आदि भारी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
