मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। भावनपुर क्षेत्र निवासी महिला ने बेटी पैदा होने पर बुलंदशहर जनपद के रहने वाले अपने शौहर पर खुद को तीन तलाक देने का आरोप लगाते हुए कप्तान से शिकायत की है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति वाहन चोर और हथियार सप्लायर है। इस बात का विरोध करने और बेटी पैदा होने पर दो महीने पहले उसका शौहर महिला को मायके छोड़ गया था। अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। भावनपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला अपने परिजनों के साथ बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची। महिला ने बताया कि उसका निकाह दो साल पहले बुलंदशहर जनपद के स्याना कस्बे के रहने वाले अरबाज के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि निकाह के बाद उसे पता चला कि उसका शौहर वाहन चोर है। जो देहरादून में चोरी की गाड़ियां बेचता है। इसी के साथ लोगों को अवैध हथियार सप्लाई करता है। महिला का आरोप है कि इस बात का विरोध करने पर ससुराल वालों ने दहेज में पांच लाख न मिलने की बात कहते हुए महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला के जेठ ने भी महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। कुछ दिनों पहले महिला को बेटी पैदा हुई तो महिला का शौहर उसे बहाने से मायके में छोड़ गया। आरोप है कि हाल ही में महिला का शौहर उसके मायके आया और महिला को तीन तलाक देकर चला गया। पीड़िता का आरोप है कि थाना पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसमें अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।
