मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। मंगतपुरम में सवा चार करोड़ रुपये की लागत से बना कूड़ा निस्तारण प्लांट शुरू हो गया है। प्लांट का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत कई जनप्रतिनिधियों ने किया। इस प्लांट में एक लाख 70 हजार मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। प्रतिदिन 600 मीट्रिक टन कूड़े की छंटाई की जाएगी। प्लांट 20 दिन में पूरी तरह तैयार हो जाएगा। जनप्रतिनिधियों का दावा है कि 12 महीने में कूड़े का पहाड़ पूरी तरह खत्म हो जाएगा। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने बताया कि मंगतपुरम में पिछले 25 साल से कूड़ा डंप हो रहा था। इससे स्थानीय लोग परेशान थे। एक साल पहले मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से इस मुद्दे पर चर्चा की गई थी। इसके बाद शहर को 9 करोड़ रुपए मिले। जेरोन इंजीनियर कंपनी को यह काम सौंपा गया है। ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि कूड़ा प्रबंधन और निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अब लोहिया नगर के कूड़े के पहाड़ को भी खत्म करने का काम तेजी से शुरू किया जाएगा।
