
मेरठ के दिल्ली रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब रेस लगाती दो कारें आपस में टकराकर नाले में जा गिरीं। इस हादसे में छह युवक घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद 10 से अधिक लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
हादसा रात करीब ढाई बजे शाप्रिक्स मॉल चौराहे के पास हुआ। परतापुर की ओर से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो और टाइगर कार अचानक अनियंत्रित हो गईं और साइड से टकरा गईं। टक्कर के बाद टाइगर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जबकि स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी।
नाले में गिरने से पहले स्कॉर्पियो ने चाय की दुकान के बाहर खड़ी चार बाइक-स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। इनमें से दो दोपहिया वाहन नाले में कार के नीचे दब गए, जबकि दो नाले के किनारे क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि दुकान पर खड़े लोग सुरक्षित बच गए।
दोनों कारों में सवार छह युवक हादसे में घायल हुए हैं। उन्हें सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि सभी युवक सोहराबगेट क्षेत्र के निवासी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि यह हादसा कुछ मिनट पहले होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था, क्योंकि चाय की दुकान पर उस समय 10 से अधिक लोग मौजूद थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
