
टेक डेस्क, नई दिल्ली। देश की प्रमुख निजी टेलीकॉम कंपनियां रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (Vi) अपने ग्राहकों को 799 रुपये का प्रीपेड प्लान ऑफर कर रही हैं। यह प्लान उन यूजर्स के बीच खासा लोकप्रिय है, जो मीडियम अवधि की वैलिडिटी के साथ संतुलित डेटा और कॉलिंग बेनिफिट चाहते हैं। हालांकि, हाल के वर्षों में टेलीकॉम कंपनियों ने प्लान की कीमतें बढ़ाने या फायदे घटाने जैसे बदलाव किए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि मौजूदा समय में 799 रुपये का कौन सा प्लान सबसे बेहतर वैल्यू देता है।
रिलायंस जियो का 799 रुपये का प्लान
जियो के इस प्लान में यूजर्स को अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, प्रतिदिन 100 एसएमएस और रोजाना 1.5GB डेटा मिलता है। प्लान की वैधता 84 दिन की है, जिससे इसका प्रतिदिन खर्च करीब 9.51 रुपये बैठता है। इस प्लान में 5G डेटा का कोई अतिरिक्त लाभ नहीं दिया जा रहा है, लेकिन ग्राहकों को JioTV और JioAICloud जैसी डिजिटल सेवाओं का एक्सेस मिलता है।
भारती एयरटेल का 799 रुपये का प्लान
एयरटेल के इस प्लान में भी रोजाना 1.5GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और प्रतिदिन 100 एसएमएस की सुविधा दी जाती है। इसकी वैधता 77 दिन की है और औसत दैनिक खर्च लगभग 10.38 रुपये है। इस प्लान में 5G बेनिफिट शामिल नहीं है, लेकिन यूजर्स को फ्री हेलोट्यून और स्पैम कॉल अलर्ट जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
वोडाफोन आइडिया (Vi) का 799 रुपये का प्लान
Vi का यह प्लान डेटा बेनिफिट्स के मामले में सबसे ज्यादा आकर्षक माना जा रहा है। इसमें रोजाना 1.5GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 एसएमएस मिलते हैं। प्लान की वैधता 77 दिन है। इसके अलावा, यूजर्स को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक अनलिमिटेड डेटा, वीकेंड डेटा रोलओवर और 2GB बैकअप डेटा का लाभ मिलता है। कई सर्किल्स में इस प्लान के साथ 5G सेवाएं भी दी जा रही हैं। FUP सीमा के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 64 Kbps हो जाती है। इस प्लान का औसत दैनिक खर्च भी 10.38 रुपये है।
कौन सा प्लान है बेहतर?
कुल मिलाकर, जियो का प्लान सबसे किफायती जरूर है, जबकि Vi अपने अतिरिक्त डेटा और कुछ सर्किल्स में 5G सुविधा के कारण ज्यादा वैल्यू ऑफर करता है। वहीं, नेटवर्क क्वालिटी के मामले में एयरटेल को बढ़त मिलती है, लेकिन बेनिफिट्स की तुलना में उसका 799 रुपये का प्लान थोड़ा पीछे नजर आता है।
