मवाना संवाददाता। नगर पालिका परिषद मवाना के अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने 02 जुलाई 2025 को जलकल विभाग के कर्मचारियों और सुपरवाइजरों के साथ साप्ताहिक विभागीय बैठक की। इस दौरान नगर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।अध्यक्ष ने जलकल विभाग के अवर अभियंता अमित श्रीवास्तव को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं। साथ ही जलमूल्य के बकायेदारों को चिन्हित कर उनसे बकाया राशि वसूलने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अवैध जल कनेक्शनों की सूची तैयार कर उन्हें अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश जलकल लिपिक को दिए गए। साथ ही नगर में खराब पड़े नलकूपों के स्टेबलाइजरों की मरम्मत के लिए अवर अभियंता को आकलन तैयार कर प्रस्तुत करने का आदेश भी दिया गया। अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि जलमूल्य के बिल वितरित करने वाले कर्मचारी बकायेदारों की सूची के अनुसार राशि वसूलने का कार्य करें और नोटिस देने के बाद की वसूली और शेष राशि की रिपोर्ट अगली विभागीय बैठक में प्रस्तुत करें। यह बैठक नगर की जल आपूर्ति और राजस्व वसूली को सशक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नालों की सफाई के दिए निर्देश मवाना संवाददाता। नगर पालिका परिषद मवाना के अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक ने मंगलवार को सफाई विभाग के कर्मचारियों व सफाई नायकों के साथ साप्ताहिक विभागीय बैठक की। बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने और बरसात से पहले प्रमुख नालों की तलीझाड़ सफाई को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अग्रवाल पुलिया वाला नाला, अटौरा रोड नाला, राजो वाले बाग का नाला, जुड्डी क्षेत्र के बड़े व छोटे सभी नालों की सफाई कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। जिन नालों की सफाई अभी तक नहीं हुई है, उनकी सूची तैयार कर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी जाए, ताकि सफाई कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सके।
