मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। कंकेरखेड़ा पुलिस और स्वॉट टीम में पिछले दिनों एक ही रात में लूट की दो वारदात करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त स्कूटी सहित लूटी गई दोनों बाइक और मोबाइल बरामद किया गया है। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा विनय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने राजेश एंक्लेव के पास एक व्यक्ति को डंडा मारकर घायल करके स्प्लेंडर बाइक लूट ली थी। उसी रात बदमाशों ने पल्लवपुरम के दुल्हेड़ा रजवाहे पर एक व्यक्ति को निशाना बनाकर स्प्लेंडर बाइक और वीवो का मोबाइल लूटा था। घटना के खुलासे के लिए कंकरखेड़ा पुलिस और स्वॉट टीम को लगाया गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कंकरखेड़ा बैंक कॉलोनी निवासी आयुष मालिक कासमपुर निवासी तुषार चौहान और शिवलोकपुरी निवासी विशाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त स्कूटी और लूट की दोनों बाइक व मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाशों के आपराधिक इतिहास के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।
