
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मोदीनगर क्षेत्र में गुरुवार को सड़क निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। गोविंदपुरी के पास चल रहे निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
पिछले तीन दिनों से शहर में लगातार इसी तरह की समस्या सामने आ रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा दिन के समय सड़क निर्माण कराए जाने के कारण मार्ग पर यातायात दबाव बढ़ गया। निर्माण के दौरान सामान्यतः मार्ग को वन-वे किया जाता है, लेकिन गुरुवार को ऐसा इंतजाम नहीं किया गया। सड़क के एक हिस्से में काम चलने से वाहनों के आवागमन के लिए जगह बेहद सीमित रह गई, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थिति यह हो गई कि दोपहिया वाहनों तक के निकलने में दिक्कत होने लगी। सामान्य रूप से कुछ मिनटों का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे से अधिक समय लग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मौके पर समय रहते पुलिस की तैनाती रहती और यातायात नियंत्रित किया जाता, तो जाम से बचा जा सकता था।
वहीं, एसीपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था और कुछ ही समय में यातायात व्यवस्था को सुचारु करा दिया गया।
