
मेरठ। भीषण ठंड और लगातार छाए कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी विद्यालयों की समय-सारिणी में अस्थायी बदलाव किया है। जारी आदेश के अनुसार, नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल अब अगले निर्देश तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।
यह निर्णय बेसिक शिक्षा परिषद, मदरसा बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर समान रूप से लागू रहेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभावों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
प्रशासन ने सभी प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
