मवाना संवाददाता। लगातार हो रही बारिश के चलते सराफा बाजार में जलभराव और गंदगी की समस्या विकराल हो गई है। इस समस्या से परेशान होकर मंगलवार को सराफा बाजार के व्यापारियों ने नगर पालिका परिषद मवाना के अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि बाजार में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी दुकानों के सामने भर जाता है, जिससे ग्राहक नहीं आ पा रहे हैं और व्यापार ठप होने की स्थिति आ गई है। साथ ही, गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। व्यापारियों ने नगर पालिका से तत्काल नालियों की सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था और नियमित फॉगिंग कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापारियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख सर्राफा व्यापारी, दुकान मालिक एवं व्यापारी संघ के सदस्य शामिल रहे।
