सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। बलियाखेड़ी विकास खंड के गांव थरौली में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया एवं सरपंच संवाद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में देश के 25 राज्यों के शोधकर्ता व प्रतिनिधियों ने ग्राम विकास के मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान प्रतिनिधि मण्डल के सभी सदस्य ग्राम विकास के मॉडल से बेहद प्रभावित नजर आये। बलियाखेड़ी विकास खंड के गांव थरौली में केरल, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, कश्मीर आदि समेत 25 राज्यों के 105 शोधकर्ताओं का स्वागत ग्रामवासियों ने ढोल नगाड़ों व 500 मीटर की तिरंगा यात्रा के साथ किया। तत्पश्चात गांव के प्राथमिक विद्यालय में प्रतिनिधियों का माल्यार्पण व तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसी कड़ी में एक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिनिधि मण्डल को गांव के विकास कार्यों की जानकारी दी गई । प्रतिनिधि मण्डल द्वारा पूछे गए गांव के विकास से जुड़े सवालों का जवाब दिया गया। प्रतिनिधि मण्डल ने पंचायत भवन में बने सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष और हाईटेक पीए सिस्टम का भी निरीक्षण किया। तत्पश्चात प्रतिनिधि मण्डल ने नवीन चौधरी के आम के बाग पहुँचकर विश्व के सबसे महंगे आम मियाज़ाकी के साथ ही जैविक खेती और बागवानी के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसी कड़ी में प्रतिनिधियों ने योगी लेक का भ्रमण कर जल संसाधनों की जानकारी के साथ-साथ तालाब के किनारों पर बांस के पौधों का वृक्षारोपण भी किया। समापन समारोह में ग्राम प्रधान श्रीमती रीता चौधरी व उनके प्रतिनिधि संदीप चौधरी ने सभी प्रतिनिधियों को मोमेंटो, प्रशंसा पत्र एवं गांव के ब्रांड की बोतल भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात पॉन्डमैन ऑफ इंडिया रामवीर तंवर व पर्यावरणविद् गजेन्द्र पंवार ने भी थरौली पहुंचकर योगी लेक का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय थरौली के प्रधानाध्यापक रविंद्र पंवार के अलावा ग्रामीण हरि कुमार, नवीन चौधरी, जोगिंदर, सोन्टी, राजीव, बृजेश, सुरेश, काला तथा ग्राम सचिव विनोद सैनी आदि मौजूद रहे।
