मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा.वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक आहूत की गयी। बैठक में विगत बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। स्वास्थ्य कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि समस्त सीएचसी, पीएचसी में साफ-सफाई, व्यवस्था पूर्णतया सुनिश्चित की जाये। मरीजो के लिए बेहतर उपचार के साथ-साथ अच्छा व्यवहार किया जाये। सभी सीएचसी-पीएचसी पर जो डाक्टर नियुक्त किये गये है डयूटी के अनुसार उपलब्ध रहें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियो द्वारा औचक निरीक्षण करते हुये समस्त व्यवस्थाओ को दुरूस्त किया जाये तथा लापरवाह अधिकारी, कर्मचारी के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि मरीजो को बेहतर उपचार मिलें यह हम सभी का उद्देश्य होना चाहिए। उन्होने कहा कि कोई भी मरीज सरकारी अस्पताल पर आता है तो उसके प्रति अच्छा व्यवहार अपनाया जाये तथा उसको बिना कारण प्राईवेट अस्पताल में रेफर न किया जाये। उन्होने सख्त चेतावनी देते हुये कहा कि सरकारी अस्पताल में दी जा रही सुविधाओ एवं बेहतर उपचार में यदि कोई भी डाक्टर लापरवाही करते हुये पाये जाते है तो उनके विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। टीबी मरीजो की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि इसके चौकअप को बढाया जाये तथा जनपद में जो भी टीबी मरीज है उनको कैटेग्रेराइज करते हुये पोटली वितरण सुनिश्चित किया जाये। संबंधित अधिकारी अस्पतालो से टीबी मरीजो का डाटा एकत्र कर निक्षय मित्र बनाये। संचारी रोग अभियान के दृष्टिगत जिलाधिकारी द्वारा सख्त निर्देशित करते हुये कहा गया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया जाये, स्वास्थ्य कैम्प लगाये जाये। नगर निगम, नगर पालिका, ग्राम पंचायत, नगर पंचायत से संबंधित अधिकारी वर्षा एवं होने वाली बीमारियो के दृष्टिगत अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग संबंधित क्षेत्रो में फागिंग, एंटी लार्वा का छिडकाव कराना सुनिश्चित करें। यह भी निर्देशित किया गया कि नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्र में संबंधित विभाग पानी की पाईप लाइन को चौक कराते हुये आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कांवड यात्रा के दृष्टिगत निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य विभाग समस्त कांवड मार्गों पर लगाये जाने वाले शिविर, मोटर साईकिल एम्बुलेन्स, शेडयूल के अनुसार डाक्टर की तैनाती, उपचार सामग्री आदि का प्लान तैयार करते हुये कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि कांवड यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुये स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी ईमानदारी व निष्ठापूर्वक दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कांवड यात्रा के दौरान निजी अस्पतालो में 10 प्रतिशत बैड रिजर्व रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने उ0प्र0 हैल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग, इंस्टीटयूशन डिलीवरी, ब्लॉकवार रैंकिंग, बिल भुगतान, हैल्थ वेलनेस सेंटर पर खरीद हेतु उपकरण प्रस्ताव, यूनिसेफ, डब्लूएचओ, यूएनडीपी रिपोर्ट आदि की समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा. अशोक कटारिया, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
