मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। उत्तर प्रदेश आज खिलाड़ियों के नाम से भी जाना जाता है। यहां के खिलाड़ी वैश्विक पटल पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। आईआईएमटी विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे मेरठ खेल महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर से सुविधाएं दिलाने का आश्वासन दिया। मेरठ खेल महोत्सव के सभी विजेता-उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय व स्पोर्ट्स प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे मेरठ खेल महोत्सव के अर्न्तगत राष्ट्र एक चुनाव के संदेश के साथ क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू हुई क्रॉस कंट्री दौड़ को मुख्य अतिथि अर्न्तराष्ट्रीय एथलीट सरिता शर्मा, विशिष्ट अतिथि अर्न्तराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी उचित शर्मा, विशिष्ट अतिथि आरएसओ अतुल सिन्हा, विशिष्ट अतिथि डिप्टी लेबर कमिश्नर आर.के.सिंह, आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल, स्पोर्ट्स प्रमोशन आर्गेनाइजेशन के संस्थापक नमन भारद्वाज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शनिवार शाम को आईआईएमटी विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित समापन समारोह में आए मुख्य अतिथि मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल का स्वागत आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ मयंक अग्रवाल एवं महोत्सव के आयोजक सचिव नमन भारद्वाज ने प्रतीक चिन्ह देकर किया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ मयंक अग्रवाल ने मुख्य अतिथि मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि मेरठ खेल महोत्सव के माध्यम से खेल-खिलाडियों को प्रोत्साहन मिला है। यहां मिली जीत खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी और यहां मिली हार खिलाड़ियों को सीख कर आगे बढ़ने को प्रेरित करेगी। युवाओं के उत्साह ने मेरठ खेल महोत्सव को नए आयाम पर पहुंचा दिया है। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेक प्रयास कर रही है। प्रदेश में स्पोर्ट्स स्टेडियमों और हॉस्टल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। वहीं मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बनना खिलाड़ियों को नए अवसर प्रदान करेगा। कैंट विधायक ने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत और लग्न के साथ खेल पर ध्यान केंद्रित करने को प्रेरित किया।उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रहे सुनील भराला ने कहा कि माता-पिता के सपने को लक्ष्य समझ कर अर्जुन की तरह उस पर निशाना साधना कर आगे बढ़ना है। यह खेल नहीं अवसर है जो आपका भविष्य बनाने के साथ देश का नाम रोशन करने का मौका भी देता है। स्पोर्ट्स प्रमोशन आर्गेनाइजेशन के संस्थापक, नि. विशेष आमंत्रित सदस्य श्रम मंत्रालय उत्तर प्रदेश सरकार नमन भारद्वाज ने बताया कि मेरठ खेल महोत्सव में वालीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, खो खो, टेनिस क्रिकेट, रस्साकशी, कबड्डी, प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में युवाओं के बीच जोरदार उत्साह देखने को मिला है जो हमें इसी प्रकार अन्य खेल आयोजन करने को प्रेरित करेगा। मंच का संचालन डॉ. संगीता सिंह ने किया। समापन समारोह में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज के निदेशक निर्देश वशिष्ठ, निदेशक प्रशासन डॉ. संदीप कुमार, डीन एक्टिविटी डॉ. लखविंदर सिंह, डीन वीएस पटियाल, मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।
महोत्सव आयोजन समिति के सदस्य अनिल विधूड़ी गौरव मावी, राहुल भाटी, मनोज कनोजिया, आईआईएमटी विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर प्रणव दिनकर, अंशी शर्मा, पूजा रानी, और स्पोर्ट्स स्टोर इंचार्ज विनीत का विशेष सहयोग रहा।
