मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। सोमवार की सुबह सदर थाना क्षेत्र में अपनी मां को स्कूटी से स्कूल छोड़ने आया कमिश्नरी कर्मचारी का नाबालिग बेटा संदिग्ध हालात में लापता हो गया। दोपहर तक किशोर के वापस न लौटने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मचा है। किशोर के पिता ने सदर थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस की टीमें किशोर की तलाश में जुटी हैं। कमिश्नरी ऑफिस में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी मुकेश कुमार का परिवार कमिश्नरी ऑफिस के स्टाफ क्वार्टर नंबर एक में रहता है। मुकेश के मुताबिक उनकी पत्नी पार्वती सदर थाना क्षेत्र में मिशन कंपाउंड स्थित सेंट जॉन्स गर्ल्स स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। मुकेश ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा कृष रोज उनकी पत्नी को स्कूटी से स्कूल छोड़कर आता है। सोमवार को भी कृष अपनी मां पार्वती को स्कूटी से उनके स्कूल छोड़ने गया था। जिसके बाद घर वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद पार्वती ने घर पर फोन किया तो कृष के वापस न लौटने की जानकारी मिली। दोपहर तक परिवार के लोग कृष का इंतजार करते रहे। लेकिन, जब उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ पाया गया तो परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। दोपहर को सदर थाने पहुंचे मुकेश ने अपने बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस की टीमें कृष की तलाश में जुटी हैं।
