मवाना संवाददाता। नगर क्षेत्र में जल निगम की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। जगह-जगह खुदे हुए गड्ढों और अधूरी मरम्मत के चलते रोजाना हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला मवाना नगर पालिका क्षेत्र का है, जहां एक मालवाहक वाहन सड़क पर बने गहरे गड्ढे में धंस गया। गाड़ी के पिछले पहिए पूरी तरह से गड्ढे में फंस गए, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई और व्यापारी व आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों को ठीक करने की कोई गंभीर कोशिश नहीं की जा रही है। कई स्थानों पर सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिनकी मरम्मत अधूरी छोड़ दी गई है। ऐसे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं और आए दिन दोपहिया व चौपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में फंस रहे हैं या गिर रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पालिका की छवि खराब हो रही है, जबकि गलती जल निगम की है। फिर भी न कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आता है और न ही गड्ढों को भरने का कोई स्थायी समाधान किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निगम पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जिन स्थानों पर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। अन्यथा आने वाले दिनों में और गंभीर हादसे हो सकते हैं।
