मेरठ वरिष्ठ संवाददाता। शुक्रवार की सुबह भावनपुर थाना क्षेत्र में स्थित खेत में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। युवक की हत्या गोली मारकर की गई थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त करते हुए उसकी प्रेमिका के परिजनों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। एसपी देहात ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
शुक्रवार की सुबह क्षेत्रीय ग्रामीणों ने राली चौहान गांव में पुल के पास खेत में एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी देखी। युवक की हत्या आंख में गोली मारकर की गई थी। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस को शव के पास एक तमंचा भी बरामद हुआ। उधर, घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त राली चौहान निवासी 22 वर्षीय तुषार पुत्र संजय कश्यप के रूप में की। बेटे की लाश देखते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि तुषार का गांव की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लगभग एक साल पहले तुषार युवती को घर से लेकर फरार हो गया था। इस मामले में युवती के परिजनों ने तुषार के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें वह जमानत पर था। गत दिवस को इस मुकदमे की तारीख थी। जिसमें युवती की गवाही होनी थी। कचहरी में तुषार की मुलाकात अपनी प्रेमिका से हुई। जहां उसने प्रेमिका को अपने पक्ष में बयान देने को कहा था। इसी बीच उसकी प्रेमिका के पिता और भाई से तुषार की कहा-सुनी हो गई थी। इसके बाद तुषार अपनी प्रेमिका की स्कूटी और मोबाइल लेकर फरार हो गया था। इसी बीच रात को युवती के परिजनों ने तुषार के साथ मारपीट भी की थी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवती के परिजनों ने ही उनके बेटे की गोली मारकर हत्या की है। एसपी देहात राकेश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
