मेरठ हीरा टाइम्स ब्यूरो। आयुक्त सभागार में आयुक्त मेरठ मंडल डा हृषिकेश भास्कर यशोद की अध्यक्षता में अवैध डेयरियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के संबंध में बैठक आहूत की गई। बैठक में आयुक्त महोदय द्वारा पूर्व में अधिकारियों द्वारा किए गए डेयरियों के निरीक्षण के संबंध में प्रस्तुत रिपोर्ट की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पशुओं को दिया जाने वाला चारा तथा उनके रहने का स्थान मानक के अनुरूप होना चाहिए। प्रदूषण फैलाने वाली डेयरियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि पशुओं की इयरटैगिंग कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारी को डेयरियों से यूजर चार्ज वसूल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन डेयरियों के विद्युत संयोजन विच्छेद कर दिए गए हैं यदि दोबारा चलाते हुए पकड़े जाएं तो उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाए। दुग्ध सैंपल की जांच करवाकर उचित कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉव वी के सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल, एडीएम प्रशासन बलराम सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। दूसरी ओर संभागीय परिवहन प्राधिकरण, मेरठ की बैठक मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राज्य सरकार की उत्तर प्रदेश स्टेज कैरिज बस अड्डा, कांट्रैक्ट कैरिज एवं ऑल इंडिया टूरिस्ट बस पार्क (स्थापना एवं विनियमन) नीति 2025 को लेकर चर्चा हुई । संभागीय परिवहन प्राधिकरण द्वारा निजी निवेश से स्टेज कैरिज के बस अड्डे बनाने हेतु सर्व संबंधित को आगे आने की अपील की और परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस विषय में हर स्तर पर जागरूकता फैलाने हेतु निर्देशित किया। बैठक में सीएनजी रेट्रो फिटमेंट सेंटर के नियमन और मेरठ – सरधना निजी बस मार्ग पर परमिट नवीनीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में संभागीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य जिलाधिकारी, मेरठ डॉक्टर वी0के0 सिंह और उप परिवहन आयुक्त हरि शंकर सिंह उपस्थित रहे। संभागीय परिवहन प्राधिकरण, के सचिव के तौर पर संभागीय परिवहन अधिकारी हिमेश तिवारी द्वारा बैठक में प्राधिकरण के विचारार्थ बिन्दुसार एजेंडा प्रस्तुत किया गया। बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक, विभिन्न बस यूनियन के पदाधिकारीयों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
