सहारनपुर हीरा टाइम्स ब्यूरो। सर्वदलीय मजबूत पार्षद दल से जुड़े पार्षदों ने जीआई सर्वे के खिलाफ नगर निगम कार्यालय पर धरना दिया तथा अपर नगरायुक्त व कर अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से जीआई सर्वे निरस्त कराने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए सपा के नगर विधानसभा प्रभारी व पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि जीआई सर्वे के चलते निगम के टैक्स विभाग के कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार मचा रखा है, जिससे महानगर का आम जनमानस अत्यधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जीआई सर्वे का नोटिस सीधा-सीधा आर्थिक हानि का नोटिस है जिसे लेकर व्यापारियों में भी अत्यधिक रोष है। उन्हांेने कहा कि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि गहरी नींद में सोए हुए हैं और सहारनपुर नगर की जनता का लगातार शोषण हो रहा है, जिस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षद फहाद सलीम व हाजी गुलशेर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जीआई सर्वे के माध्यम से जनता के ऊपर यह काला कानून थोपने का काम किया गया है, जो कि गलत व अव्यवहारिक है, जिसका निरस्त होना जरूरी है। उनका कहना था कि अगर जीआई सर्वे निरस्त नहीं किया जाता, तो नगर की जनता के साथ मिलकर एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा तथा किसी भी कीमत पर नगर की जनता व व्यापारियांे का उत्पीड़न नहीं होने दिया जायेगा। इस अवसर पर पार्षद डॉ.एहतेशाम, अहमद मलिक, मोहतसीन, मोहर्रम अली पप्पू, नूर आलम, नदीम अंसारी, फराज अंसारी, नितिन जाटव, स्वराज, अब्दुल खालिक, इमरान सैफी, हाजी फजलुरहमान, परवेज मलिक, भूरा मलिक, कलीम मलिक, राजीव अन्नू आदि पार्षदों समेत जीआई सर्वे से पीड़ित लोग मौजूद रहे।
